छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अज्ञात चोरों के द्वारा एक के बाद एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। इसी क्रम में पावर ग्रीड में जूनियर इंजीनियर के भी सूने मकान में अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए नगदी रकम समेत लाखों रूपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया है। पीड़ित की रिपोर्ट के बाद पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है। उक्त घटना जूटमिल थाना क्षेत्र का है। राजा कुमार ने जूटमिल थाने में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया कि वह दो सालों से पावर ग्रीड तरकेला में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ पावर ग्रीड के आवासीय क्वाटर नं. बी 2-5 में रहता है।
प्रार्थी ने बताया कि 10 मई की रात 8 बजे वह अपने मकान में ताला लगाकर परिवार सहित अपने मूल निवास तेलीयातु रोड बरकाकाना जिला झारखण्ड गया था। इसी बीच कल सुबह सवा 5 बजे तरकेला पावर ग्रीड के सुरक्षा गार्ड का सुपरवाईजर सूरज कुमार निषाद ने उसे फोन करके ताया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है।
प्रार्थी ने बताया कि इस सूचना के बाद उसने अपने एक साथी को फोन करके मकान में जाकर देखने को कहा जिसके बाद उस शख्स ने बताया कि घर सारा सामान बिखरा पड़ा है। इस सूचना के बाद प्रार्थी जब खुद मौके पर पहुंचा तो देखा कि बाहर दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। कमरे के अंदर आलमारी का लाॅक भी टूटा हुआ था आलमारी के अंदर रखा सभी सामान बिखरा हुआ था। सुने मकान को अज्ञात चोरों ने निशान बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो चुके थे।
इन सामानों की हुई चोरी
प्रार्थी के अनुसार अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान से उसकी पत्नी का स्त्रीधन सोने का 01 नग चोकर, 02 नग कंगन, 02 नग चैन, 01 नग माँग टीका, 04 नग नथनी, 01 नग ब्रेसलेट, 05 नग कान की बाली, 04 नग अंगुठी, तथा चाँदी का 04 जोड़ी पायल, 04 जोड़ी बिछिया, 03 नग चैन, 03 जोड़ा कड़ा, 01 नग ब्रेसलेट, 01 नग कमरबंध कीमत करीब 2 लाख 75 हजार के अलावा नगदी रकम 5 हजार को मिलाकर कुल 2 लाख 80 हजार की चोरी हुई है।
अज्ञात चोरों की पतासाजी में जुटी पुलिस
पीड़ित जूनियर इंजीनियर की रिपोर्ट के बाद जूटमिल पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 305, 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर अज्ञात चोरों की पतासजी में जुट गई है।