दुकान से बरामद सिलेंडर और अन्य सामान।
- फोटो : संवाद
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में अवैध रूप से चल रहे रसोई गैस रिफलिंग सेंटर पर प्रशासन की टीम ने छापा मारा है। इस दौरान टीम ने वहां से 59 सिलेंडर जब्त किए हैं। इसके अलावा तौल मशीन और अन्य सामान भी मिला है। इसके बाद पुलिस ने दुकान को सील कर दिया। खास बात यह है कि दुकान के बोर्ड और बगल में स्थित लॉज पर एक ही मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। इस संबंध में लॉज की ओर से स्पष्ट जवाब नहीं मिलने पर उसे भी सील कर दिया गया है। मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, खाद्य विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि लक्ष्मी लॉज से लगी दुकानों से रसोई गैस की कालाबाजारी की जा रही है। इस पर एसडीएम रोहित सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर छापा मारा। इस दौरान दुकान में कोई नहीं मिला, लेकिन मौके पर 15 खाली, 13 भरे हुए रसोई गैस सिलेंडर और 31 कामर्शियल सिलेंडर के साथ तौल मशीन, पाइप व मशीन बरामद हुई। इस पर आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई संचालक के बारे में जानकारी नहीं दे सका।
इस पर एसडीएम के निर्देश पर नगर पालिक कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बताया कि दुकान किसी जगदीश के नाम पंजीकृत है, जो रायपुर में रहता है। किसी के सामने नहीं आने पर वहां मिला सारा सामान जब्त कर टीम ने दुकान को सील कर दिया। साथ ही अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं दुकान के बोर्ड में दर्ज नंबर, लक्ष्मी लॉज में भी होना बताया गया। इस संबंध में जब लॉज में पूछताछ की गई तो कारण नहीं बता सके। इस पर प्रशासन की टीम ने लक्ष्मी लॉज को भी सील कर दिया है।