रायगढ़ जिले में सोमवार की सुबह भीख मांगकर जीवन यापन करने वाली एक महिला की अर्द्धनग्न अवस्था में लाश मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक जिला मुख्यालय से महज 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित लोहरसिंह गांव के खेत में सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के ग्रामीणों ने खेत में एक महिला उम्र करीब 30 से 35 साल के आसपास की अर्द्धनग्न अवस्था में लाश देखी। जिसके बाद लोगों की भीड जुटनी शुरू हो गई और फिर गांव के ग्रामीणों ने उक्त मामले की जानकारी पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मौके पर स्पेशल टीम पहुंची
सोमवार की सुबह लोहरसिंह के खेत में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने की जानकारी मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यालय से भी एक विशेष टीम मौके पर पहुंचकर हर पहलुओं पर जांच कर रही है।
रेप के बाद हत्या की आशंका
गांव के ग्रामीणों ने बताया कि महिला आसपास के गांवों में भीख मांगकर जीवन यापन करते आ रही थी। घटना स्थल पर मिले कुछ अंतरंग सामानों के आधार पर ग्रामीणों ने आशंका जाहिर की है कि यह मामला रेप के बाद हत्या का हो सकता है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही महिला के मौत के कारणों का पता चल सकता है।
अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी
खेत में महिला की लाश मिलने के संबंध में पुसौर थाना प्रभारी रोहित बंजारे ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजा गया है। महिला के मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अभी इस मामले में कुछ कह पाना जल्दबाजी होगी, पूरे मामले की जांच के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।