रायगढ़ जिले में महिला की सहमति के बगैर उसके खाते से लाखों रूपये निकाल लेने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस इस मामले में अपराध दर्ज कर जांच में जुट गई है। उक्त मामला भूपदेवपुर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता प्रभा डनसेना ने भूपदेवपुर थाना में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया कि अपने पति से निजी कारण के चलते हुए विवाद के कारण वह 2024 से अकेले रह रही है। कुटुम्ब न्यायालय रायगढ़ में तलाक एवं भरण पोषण का मामला विचाराधीन है। पीड़िता ने बताया कि भूपदेवपुर ग्रामीण बैंक में उसका बचत खाता है। उक्त खाते में वह पैसा जमा करते आ रही थी। पीड़िता ने बताया है कि उसके पति ने विवाद एवं अलग होनें की स्थिति को देखते हुए बिना उसकी सहमति के उसके द्वारा अर्जित बचत खाता में जमा किये गए रकम को बैंक में आवेदन देकर अपना नाम जोड़कर उसके बैंक खाते को ज्वाइंट खाता खुलवाकर बैंक में जमा रकम 2 लाख 87 हजार रूपये को 03 जुलाई 2024 को निकाल लिया गया है।
पीड़िता ने बताया कि पैसा निकालने जब वह बैंक पहुंची तब उसे वहां के कर्मचारियों से इस बात की जानकारी मिली। पीड़िता ने कल देर शाम भूपदेवपुर थाना में मामले की शिकायत करते हुए बताया है कि उसके पति के द्वारा खाता से पैसा निकाल लेने के कारण वह आर्थिक व मानसिक रूप से परेशान है। बहरहाल पीड़िता की शिकायत के बाद भूपदेवपुर पुलिस महिला के पति मनोज डनसेना के खिलाफ धारा 316(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज करते हुए पूरे मामले को जांच में ले लिया है।