जर्जर सड़क के लिए धरना-प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खराब सड़क को बनाने की मांग को लेकर एक दर्जन से अधिक गांव के ग्रामीणों के साथ खरसिया विधायक एवं पूर्व मंत्री उमेश पटेल भी धरना प्रदर्शन में बैठ गए हैं। इस मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस के अलावा प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने के प्रयास में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक खरसिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भालूनारा से नवागांव, पामगढ़ चैक, छोटे डूमरपाली, बडे डूमरपाली व अम्बेडकर नगर से होते हुए राबर्टसन रेल्वे स्टेशन साईडिंग तक रोजाना सैकड़ो ट्रेलर चलती है। जिससे यहां की सड़कों में जगह-जगह जानलेवा गढ्ढे बने हुए है, जहां कभी भी न केवल कोई अप्रिय घटना हो सकती है बल्कि इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों के अलावा स्थानीय ग्रामीणों, स्कूली बच्चों को काफी परेशानी हो रही है। इन समस्याओं लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने दो दिन पहले ही ज्ञापन सौंपकर 9 जून को आंदोलन करने की बात कही थी।
इसी के तहत आज सुबह साढ़े 9 बजे से एक दर्जन से अधिक गांव के ग्रामीण नवागांव के पास एकजुट होकर शांतिपूर्ण तरीके से अनिश्चिकालीन धरना प्रदर्शन का आगाज कर दिया है। जिसमें खरसिया विधायक एवं पूर्व मंत्री उमेश पटेल भी शामिल हुए। चक्काजाम स्थल पर ग्रामीण व खरसिया विधायक उमेश पटेल से बातचीत करने खरसिया एसडीएम प्रवीण तिवारी के अलावा अडानी कंपनी के अधिकारियों की टीम पहुंची।
उमेश पटेल ने ग्रामीणों की मांग जर्जर सड़क को नया बनाने की बात कही गई। जिस पर खरसिया एसडीएम की पहल पर अड़ानी कम्पनी के अधिकारियों ने आगामी 12 जून को सड़क को रिपेयरिंग करते हुए डब्लू.एम.एम. करने एवं अक्टूबर माह में सड़क को नया बनाने की लिखित आश्वासन दिया गया तब जाकर यह चक्काजाम समाप्त हो सका।