छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला जेल में आज प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ से लाए गए पवित्र गंगाजल से जेल में बंद समस्त बंदियों को सामूहिक गंगा स्नान कराया गया। इस आयोजन से जेल के बंदियों में खुशी की लहर देखी जा रही है।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला जेल में आज प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ से लाए गए पवित्र गंगाजल से जेल में बंद समस्त बंदियों को सामूहिक गंगा स्नान कराया गया। इस आयोजन से जेल के बंदियों में खुशी की लहर देखी जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक शासन के दिशा निर्देश में प्रदेश के समस्त जेल में बंद बंदियों को महाकुंभ के पवित्र गंगाजल से स्नान कराने की व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन
इसी के तहत आज रायगढ़ जिला जेल में भी धार्मिक मर्यादाओं का पालन करते हुए बंदियों को पूजा-अर्चना करने का भी अवसर दिया। जिसके पश्चात जेल प्रशासन के द्वारा प्रयागराज से लाये गए दो लीटर गंगाजल को जेल के पानी टंकी में डालकर सभी को गंगा स्नान कराया गया। इस सामूहिक स्नान के बाद कैदियों ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि हम खुद प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में नहीं जा पाते लेकिन शासन की पहल से हमें यहीं गंगा स्नान करने का सौभाग्य मिल गया।
रायगढ़ जिला जेल अधीक्षक एस शोभारानी ने बताया कि प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ से वंचित समस्त बंदियों को राज्य शासन के द्वारा व्यवस्था करके गंगा स्नान कराया गया। इसकी तैयारियां हमारे यहां पूर्व से कर ली गई थी। जिसके तहत आज प्रातः 8 बजे पूजा अर्चना पश्चात बंदियों को गंगा स्नान कराया गया। इस आयोजन में 660 बंदियों ने हिस्सा लिया। गंगा स्नान करने के बाद सभी बंदियों में खुशी की लहर है। उन्होंने यह भी बताया कि महाकुंभ स्नान का विशेष महत्व है और इसे मोक्ष की कामना से जोड़ा जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य बंदियों को आध्यात्मिक शांति और पुण्य अर्जित करने का अवसर प्रदान करना था। जेल में इस तरह के आयोजनों से जेल में बंद बंदियों में सुधार की उम्मीदें भी जताई जा रही है।