छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एम्स रायपुर में नर्स की नौकरी लगाने का झांसा देकर 3.30 लाख की ठगी करने वाले आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने राजधानी रायपुर से गिरफ्तार कर जेल भेजा है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने नर्सिंग की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया है। रियापारा, वार्ड नंबर 14, रायगढ़ की रहने वाली श्यामा राठौर 32 वर्ष साल ने 13 मार्च 2023 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी अभिषेक जूवेल ने उसे एम्स रायपुर में नर्स पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3 लाख 30 हजार रुपये की ठगी की। पीड़िता के अनुसार उसने 16 जुलाई 2019 को एम्स रायपुर में नर्स पद के लिए आवेदन किया था, जहां उसकी मुलाकात अभिषेक जूवेल से हुई।
बहाने बनाकर टालता रहा
अभिषेक ने भरोसा दिलाया कि वह उसे 3.30 लाख के बदले नौकरी दिलवा सकता है। इस पर विश्वास करके पीड़िता ने 20 जुलाई 2019 को पहले 90 हजार नकद दिए और फिर अलग-अलग तिथियों में ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से पूरी रकम दे दी। जब भी वह नौकरी के बारे में पूछती, आरोपी उसे बहाने बनाकर टालता रहा और बाद में अपना मोबाइल बंद कर लिया।
रायपुर में पकड़ाया आरोपी
पीड़िता की शिकायत के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। इस दौरान आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह फरार था। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के निर्देश पर मुखबिरों को सक्रिय किया गया, जिससे आरोपी के रायपुर में होने की जानकारी मिली। साइबर सेल की सहायता से लोकेशन ट्रेस कर कल पुलिस टीम ने पंचपेडी नाका, देवड़ा कॉलोनी, रायपुर में दबिश देकर अभिषेक जूवेल को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने कबूला अपना जुर्म
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। प्राप्त रकम में से खर्च किए जाने के बाद बची हुई शेष राशि 5,500 को पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी अभिषेक जूवेल उर्फ जॉनी उम्र 31 वर्ष, निवासी गढ़फुलझर, थाना बसना, जिला महासमुंद को आज न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है।