छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सायकल में सवार होकर काम करने जा रहे एक बुजुर्ग को कार चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए ठोकर मार दिया। घायल को उपचार हेतु अस्पताल लाया जा रहा था इसी बीच रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
विज्ञापन
इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम संबलपुरी गांव का रहने वाला सुनउराम खडिया पिता माधव खडिया 60 साल रोजाना की भांति आज सुबह तकरीबन 10 बजे के आसपास काम करने गांव के पास ही स्थित वाटर पार्क जा रहा था। सुनउराम खडिया जब मेन रोड में पहुंचा ही था कि तमनार की तरफ से आ रहे कार क्रमांक सीजी 11 बीई 2688 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सायकल सवार सुनउराम को जोरदार ठोकर मार दिया।
कार की ठोकर से गंभीर रूप से घायल को मौके पर मौजूद लोगों की सहायता से उपचार हेतु जिला अस्पताल लाया गया जहां मौके पर मौजूद डाक्टरों ने प्रारंभिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिजनों की मौजूदगी में मृतक के शव को पोस्टमार्टम उपरांत शव को परिजनों के सुपुर्द करके आगे की कार्रवाई की जा रही है। बहरहाल सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत हो जाने के बाद चक्रधर नगर पुलिस आरोपी कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में ले लिया है।