रायगढ़ जिला मुख्याालय से महज 10 किलोमीटर दूर स्थित परसदा वाटरफाल में नहाने और उपर से कूदने पर अब पूरी तरह प्रतिबंद लगा दिया गया है। रायगढ़ पुलिस ने बलौदाबाजार में हुई घटना को देखते हुए चेतावनी का बोर्ड लगा दिया है। साथ ही अब यहां नियमित पेट्रोलिंग शुरू कर दी गई है। जिससे वाटरफाल में अब सन्नाटा देखा जा रहा है। रायगढ़ जिले में प्रकृति की गोद में बसा परसदा वाटरफॉल बरसात के मौसम में अपनी पूरी खूबसूरती से लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है। रोजाना सैकड़ों की संख्या में पर्यटक सैर-सपाटे के अलावा पिकनिक मनाने के लिए यहां पहुंच रहे थे। यहां पहुंचने वाले अधिकांश लोग जहां पहाड से चढ़कर नीचे झरने में कूदते थे तो कुछ लोग झरने के बगल में स्थित पेड़ से झरने में कूदते थे वहीं आसपास कुछ लोग शराब सेवन करते हुए भी नजर आते थे।
दो दिन पहले बलौदाबाजार जिले में 40 फीट उंचाई से गिरकर एक युवक के गंभीर रूप से घायल हो जाने के बाद रायगढ़ पुलिस ने इसे गंभीरता लेते हुए तत्काल कल शाम केराझर-परसदा वाटरफाल पहुंचकर वहां नहा रहे लोगों को समझाईश देकर भगाया और वहां चेतावनी का बोर्ड लगा दिया गया है। साथ ही साथ यहां रोजाना पेट्रोलिंग करने की भी बात कही जा रही है।
इस मामले में खरसिया एसडीओपी प्रभात पटेल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के दिशा निर्देश पर हम आम नागरिकों से अपील करते हैं कि केराझर के वाटरफाल में कुछ लोग पहुंचकर उंचे पहाडियो से और पेड से पानी में कूदकर स्टंट करते हैं जो कि काफी खतरनाक है। इससे गंभीर चोट भी लग सकती है और किसी की जान भी जा सकती है। इस स्थल पर पुलिस व्यवस्था करके पेट्रोलिंग भी की जा रही है।