छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के मामले में महिला थाना की टीम ने आरोपी युवक को यूपी से गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी के खिलाफ स्थानीय युवती ने शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक शोषण करने की शिकायत 9 अप्रैल को दर्ज कराई थी। पीड़िता ने रिपोर्ट करते हुए बताया था कि वर्ष 2023 में आरोपी चंदू यादव से परिचय हुआ था, जब वह रायगढ़ में किराए के मकान में रह रहा था।
मारपीट कर पीडिता को भगा दिया
पीडिता ने बताया कि मई 2023 से आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसे सम्बलपुर (ओडिशा) ले गया। अगस्त 2024 में मारपीट कर उसे वहां से भगा दिया और खुद आसनसोल चला गया।
फोटो वायरल करने की दी धमकी
पीड़िता ने बताया कि फरवरी 2025 में आरोपी ने अपने गांव में शादी करने की बात कही, लेकिन रिपोर्ट करने पर पीड़िता को आपत्तिजनक फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी।
यूपी के भदोही में पकड़ाया आरोपी
पीड़िता के आवेदन पर महिला थाना रायगढ़ में धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर ने समूची घटना से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। एसपी के निर्देश पर टीम गठित कर आरोपी की तलाश में उत्तर प्रदेश भेजा गया, जहां से उसे अभिरक्षा में रायगढ़ लाया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।