छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने 07 साल पहले शासकीय राशन में घोटाला करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उन्हें जेल भेजा है। आरोपियों ने कांदागढ़ उचित मूल्य दुकान में वर्ष 2018 में चावल, शक्कर नमक और केरोसिन की गड़बड़ी की थी।
मिली जानकारी के मुताबिक अंजनी कुमार राव, सहायक खाद्य अधिकारी, पुसौर ने पुसौर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि कांदागढ़ की शासकीय उचित मूल्य दुकान में सचिव कृषचंद कर्ष, सरपंच श्रीमती सोमति सिदार एवं सहयोगी गौरहरि निषाद, प्रशांत सेठ और टिकेश्वर सेठ द्वारा माह जून, जुलाई एवं अगस्त 2018 में शासन से प्रदाय किए गए खाद्यान्नों चावल, शक्कर, नमक और केरोसिन का वितरण नहीं कर अफरा-तफरी कर शासकीय अमानत में खयानत की गई है।
अंजनी कुमार राव ने बताया था कि जांच में कुल 232.38 क्विंटल चावल, 14.53 क्विंटल शक्कर, 4.16 क्विंटल नमक एवं 1369 लीटर केरोसिन की गड़बड़ी पाई गई, जिससे शासन को आर्थिक हानि हुई। इस दौरान तत्कालीन खाद्य निरीक्षक राजन कश्यप ने 24 अगस्त 2018 को दी गई जांच रिपोर्ट एवं दस्तावेजों के आधार पर प्रकरण की रिपोर्ट कार्यालयीन पत्र क्रमांक 946 खाद्य पीडीएस 2024 पुसौर में 06 फरवरी के माध्यम से थाना को प्राप्त हुई, जिस पर प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ धारा 409, 34 भादवि एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3, 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की जांच के दौरान प्रार्थी अंजनी कुमार राव एवं गवाहों का कथन लिया गया तथा आरोपी गौरहरि निषाद, टीकेश्वर सेठ, प्रशांत सेठ एवं शोमति सिदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तत्कालीन सचिव कृषचंद कर्ष की मृत्यु की जानकारी प्राप्त हुई है, आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी में
01 गौरहरी निषाद पिता मंगल निषाद उम्र 40 वर्ष
02 टीकेश्वर सेठ पिता गुनुराम सेठ उम्र 53 वर्ष
03 प्रशांत सेठ पिता टीकेश्वर सेठ उम्र 25 वर्ष
04 श्रीमति सोमति सिदार पति स्व. विजय सिदार उम्र 50 वर्ष