छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय में बीते दिनों संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर मिट्टी लगाने वाले आरोपियों को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया है। कई सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची है। मिली जानकारी के मुताबिक 9 जून की सुबह अंबेडकर चैक पर स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर हुई छेड़छाड़ को देखकर आम नागरिकों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल द्वारा तत्काल नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला एवं साइबर सेल डीएसपी अनिल विश्वकर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया जिसमें थाना प्रभारी चक्रधरनगर, जूटमिल, पूंजीपथरा, पुसौर, छाल और प्रभारी साइबर शामिल थे।
कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए
साइबर सेल और विभिन्न थानों के जवानों को अलग-अलग कार्यों में लगाया गया। पुलिस अधीक्षक ने अपने इंटेलिजेंस विभाग को सभी गतिविधियों पर निगाह रखने लगाए तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सर्व विभाग प्रमुखों से व्यक्तिगत चर्चा कर उन्हें आश्वस्त कराए कि शीघ्र ही घटना कारित करने वाले आरोपियों को पकड़ा जावेगा और पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन पर सुनियोजित तरीके से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी और सभी रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इस दौरान दो व्यक्ति सीसीटीवी कैमरे में दिखे।
5 लाख नंबरों का किया गया एनालिसिस
टावर डम्प लेकर करीब 5 लाख नंबरों का एनालिसिस किया गया, एक टीम ह्यूमन हिंट और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही थी। इसी बीच एक सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को लीड मिली जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति देखे गए जिनमें एक युवक के बजरंग पारा जूटमिल क्षेत्र से रमेश जोशी 40 साल तथा दूसरा जोगीडिपा निवासी वीरेंद्र सारथी 28 साल की पुष्टि हुई। जिनके संबंध में ह्यूमन हिंट से पता चला कि दोनों मजदूरी (हमाली) का काम करते हैं और कई बार रात में इन्हें साथ घूमते भी देखा गया है जिन्हें फुटेज दिखाकर पूछताछ किया गया पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार किया।
पुलिस से लुक छिप रहे थे दोनो आरोपी
आरोपियों के बताया कि 8 जून की रात दोनों सोने के लिए शहर में इधर-उधर घूमते हुए पैदल अंबेडकर चैक पहुंचे। जहां अंबेडकर जी की प्रतिमा के पास लाईट का उजाला देखकर रूके फिर बदनियति से प्रतिमा के नीचे जमीन की गीली मिट्टी प्रतिमा पर लगाकर पैदल ही वीरेंद्र के घर जोगीडिपा चले गए। अगले दिन इन्हें जानकारी हुई की घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है तब यह पुलिस से लुक छिप रहे थे।
दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
आरोपियों के मेमोरेंडम पर पुलिस ने घटना समय पहने दोनों के कपड़े बरामद किया है जिसका घटना समय के फटेज से मिलान हुआ है। दोनों आरोपियों को घटना के संबंध में थाना चक्रधरनगर में धारा 298, 324(3),353( 2), जोड़ने धारा 299, 302, 196(1) (क)(ख) 196(2), 324(3) लोक संपत्ति निवारण अधिनियम की धारा 9 एवं लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 3(1) के तहत आरोपी रमेश जोशी एवं वीरेंद्र सारथी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय रिमांड पर पेश किया जा रहा है।