रायगढ़ जिला मुख्यालय में काम करके घर लौट रही महिला को सांड ने इस कदर उठाकर पटका की अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। मर्ग पंचनामा कार्रवाई पश्चात पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। उक्त मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार शहर के मधुबन मोदीपारा निवासी लक्ष्मीन यादव 60 साल, जो कि घरेलू काम करके अपना जीवन यापन करते आ रही थी। कल सुबह 8 बजे लक्ष्मीन यादव मोहल्ले में ही काम करने गई हुई थी जहां से 10 बजे वह अपने घर लौट रही थी इसी बीच रास्ते में एक सांड से महिला का सामना हो गया जिसके बाद सांड ने महिला को तीन से चार बार उठाकर पटका। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को उपचार के लिये मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां देर रात 12 बजे के आसपास महिला की मौत हो गई। बहरहाल सांड के हमले से महिला की मौत हो जाने के बाद आज मर्ग पंचनामा कार्रवाई पश्चात पीएम उपरांत शव परिजनों को सुपुर्द करते हुए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।