छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के अवसर पर नटवर स्कूल के मैदान से रविवार की शाम ऐतिहासिक शोभायात्रा निकली गई। जो शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए रामलीला मैदान पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान जगह-जगह इस शोभायात्रा का स्वागत हुआ।
रामनवमी के अवसर पर जिला मुख्यालय में स्थित नटवर स्कूल मैदान में शाम 5 बजे से ही शहर के अलग-अलग मोहल्लों से भारी संख्या में रामभक्त शोभायात्रा में शामिल होने पहुंचे। शोभायात्रा के दौरान रामभक्त हाथों में भगवा झंडा लहराते जय श्री राम के नारे लगाते आगे बढ़ते रहे। पिछले वर्ष की भांति इस साल भी रामनवमी शोभायात्रा में कई आकर्षक झांकिया शामिल हुईं, जिसमें मध्यप्रदेश के उज्जैन से डमरू दल, आदिवासी नृत्य, चार्ली चैपलिन, स्केटिंग रंगोली, हरियाणा से अघोरी बाहुबली महादेव, महिला कर्मा, ग्लोवर, ओडिशा पूरी से घंटबाजा, 32 मुखी काली माता, बाहुबली हनुमान के अलावा अन्य कई मनमोहक झांकिया रहीं, जो शहरवासियों को अपनी ओर अकर्षित कर रही थीं।
रायगढ़ में 2014 से रामनवमी शोभा यात्रा का आरंभ हुआ था और उसके बाद से हर साल इस आयोजन से हिन्दू समाज के लोगों का जुड़ाव बढ़ता जा रहा है। शोभायात्रा का स्वरूप साल दर साल ऐतिहासिक होते जा रहा है। रामनवमी से एक माह पहले से ही अपनी-अपनी दलीय प्रतिबद्धता से ऊपर उठते हुए नेता एवं कार्यकर्ता इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में दिन-रात जी जान से जुटे रहते हैं। जिन रास्तों से शोभायात्रा गुजरने वाली रहती है उस मार्ग को दुल्हन की तरह सजाया जाता है। यही वजह है कि रायगढ़ के इस आयोजन की चर्चा अब न केवल प्रदेश स्तर पर बल्कि आसपास के जिलों में चर्चा का विषय रहती है।
रारामनवमी के अवसर पर रायगढ़ में निकलने वाली शोभायात्रा को देखने आसपास के जिलों के अलावा हजारों की संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों से लोग आते हैं। रामनवमी के अवसर पर रामभक्तों में उत्पार उत्साह भी देखा गया। शहर की विभिन्न धार्मिक तथा सामाजिक संस्थाओं की तरफ से अलग-अलग जगहो पर रामभक्तों के लिये स्टाल लगाए गए थे, जहां ठंडा पानी, शरबत, फ्रूटी, छाछ, लीची के अलावा अन्य शीतल पेय की व्यवस्था की गई थी। वहीं चांदनी चौक में मुस्लिम बिरादरी ने हिन्दू-मुस्लिम एकता का उदाहरण पेश करते हुए मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने बखूबी अपना फर्ज निभाया। शोभायात्रा जब चांदनी चौक पहुंची तो वहां मुस्लिम जमात के उत्साही सदस्यों ने गुलाब जल से जोरदार इस्तकबाल करते हुए लोगों को शीतल जल पिलाते हुए गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल भी पेश की।
रामनवमी के अवसर पर नटवर स्कूल प्रांगण से प्रारंभ हुई शोभायात्रा गांधी प्रतिमा तिराहा, एमजी रोड, रामनिवास टाकीज चौक, सिल्वर पैलेश तिराहा, गौरीशंकर मंदिर, न्यू मार्केट तिराहा, सुभाष चैक, गद्दी चौक, कोष्टापारा तिराहा आदि जगह से निकलते हुए रामलीला मैदान पर जाकर समाप्त हुई।