पटवारी के कार्यालय में घुसकर लोहे की पाइप से हमला
- फोटो : अमर उजाला
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र के बंशीताल-दानीकुंडी इलाके में सरकारी कार्यालय के भीतर पटवारी पर हमले की घटना से हड़कंप मच गया। हल्का क्रमांक 26 के पटवारी शुद्ध राम कोल पर एक युवक ने कथित तौर पर लोहे की पाइप से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई है। घायल पटवारी को तत्काल मरवाही अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, पटवारी शुद्ध राम कोल दानीकुंडी स्थित अपने कार्यालय में काम कर रहे थे। इसी दौरान सचराटोला निवासी प्रकाश सिंह वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि किसी शासकीय कार्य को लेकर दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने कार्यालय में रखी लोहे की नल पाइप उठाई और पटवारी के सिर पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से पटवारी घायल होकर खून से लथपथ हो गए। कार्यालय में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति संभालने की कोशिश की।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक पटवारी के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में आरोपी के पटवारी के ऊपर बैठकर मारपीट करने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, घटना के पूरे कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपी वारदात के बाद फरार है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देकर तलाश कर रही है।
सरकारी कार्यालय में ड्यूटी के दौरान पटवारी पर हुए हमले से राजस्व विभाग के कर्मचारियों में भी नाराजगी और चिंता का माहौल है। कर्मचारियों ने शासकीय कार्य के दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की जरूरत बताई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद विवाद की वास्तविक वजह सामने आएगी।