सुकमा जिले के दुब्बाटोटा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर एक कार और मोटरसाइकिल की आपस में भिड़ंत हो गई। इस सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर मौत हो गई। वहीं, एक अन्य शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल शख्स को 108 एंबुलेंस के जरिए सुकमा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां घायल का इलाज जारी है। मृतक और घायल दोनों सुकमा जिले के बगडेगुड़ा के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक सवार दोरनापाल से सुकमा की ओर जा रहे थे और सुकमा से एक कार दोरनापाल की ओर आ रही थी। इसी दौरान कार और बाइक की आपस में भिड़ंत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सुकमा रेफर किया। वहीं, मृतक के शव को दोरनापाल अस्पताल लाया गया, जहां परिजनों को सूचना देकर शव परिजनों के सुपुर्द किया गया।