छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले की पुलिस ने एक 20 वर्षीय कुख्यात नक्सली को गिरफ्तार किया है। नक्सली पंडरू पदमी आईटीबीपी के 2 अधिकारियों सहित 7 सुरक्षाकर्मियों की हत्या करने में शामिल रहा है। पदमी को जिले की अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। नारायणपुर एसपी गिरिजा शंकर जायसवाल ने बताया कि पदमी नक्सलियों के अमदई घाटी क्षेत्र समिति के सचिव सुरेश सलाम का सहयोगी रहा है।
सूचना मिली थी कि वह तोयमाता गांव में मौजूद है और यहां पाली-बरसूर सड़क पर हो रहे काम में नुकसान पहुंचाने वाला है। पुलिस की एक टीम ने जाल बिछाकर उसे पकड़ लिया। पिछले साल 20 अगस्त को नारायणपुर के कडेमाता गांव में हुए नक्सली हमले में पदमी प्रमुख रूप से शामिल था। हमले में आईटीबीपी के सुधाकर शिंदे और असिस्टेंट एसआई गुरुमुख सिंह शहीद हो गए थे। उस वक्त नक्सलियों ने एके-47 राइफल, एक मैंगजीन, एक बुलेटप्रूफ जैकेट लूट लिया था।