बलरामपुर रामनुजगंज दुर्गा वाहिनी का प्रांत शौर्य प्रशिक्षण एवं घोष वर्ग का आठ दिवसीय आयोजन का समापन शनिवार देर शाम विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री नंददास डहरिया, प्रांत दुर्गा वाहिनी शक्ति साधना प्रमुख भारती सिंह ठाकुर, विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री मदन मोहन शर्मा, विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री अभिषेक मिश्रा, बजरंग दल के जिला संयोजक जस्सू केसरी, दुर्गा वाहिनी की विभाग संयोजिका रश्मि के उपस्थिति में हुआ। वर्ग में सम्मिलित ढाई सौ से अधिक बालिकाओं एवं युवतियों के द्वारा शौर्य का प्रशिक्षण दिया गया। वहीं अतिथियों के द्वारा दुर्गा वाहिनी के कार्य एवं इसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री ने कहा कि दुर्गा को शक्ति के रूप में जाना जाता है। दुर्गा वाहिनी का उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यों के लिए महिलाओं को प्रेरित करना और महिलाओं को शारीरिक मानसिक रूप से प्रबल बनाना है। यह संगठन सेवा सुरक्षा और संस्कार को अपना आदर्श मानकर समाज के पुनर्जागरण लाकर राष्ट्र धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
विश्व हिंदू परिषद के जिला संगठन मंत्री अभिषेक मिश्रा ने बताया कि पूरे जिले से ढाई सौ से अधिक बालिका एवं युवतियों ने वर्ग में सम्मिलित हुई जिला मुख्यालय में पहली बार दुर्गा वाहनी की बहनों का वर्ग आयोजित किया गया जिसे लेकर कई दिन पूर्व से व्यापक स्तर में तैयारी की जा रही थी। आयोजन को लेकर बहनों में काफी उत्साह रहा दूरदराज ग्रामीण क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में बहने सम्मिलित हुई।