मोहम्मद अकबर, मंत्री, छत्तीसगढ़ सरकार
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के कांग्रेस घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी लेने से इंकार के बाद अब नए नाम पर चर्चा चल रही है। इन नामों में मंत्री मोहम्मद अकबर का नाम सबसे आगे चल रहा है। यानी कांग्रेस हाईकमान उन्हें जल्द घोषणा पत्र समिति के चेयरमैन की जिम्मेदारी दे सकती है। इस संबंध में जल्द ऐलान किया जा सकता है। हालांकि अकबर के बाद अन्य नामों पर भी चर्चा चल रही है।
सियासी गलियारे में इस बात की चर्चा है कि ऐसे नाम को तवज्जो दी जा रही है, जो शानदार राजनीतिक समझ रखता हो। प्रदेश की जनता की भावनाओं को बेहतर तरीके से समझता हो। प्रदेश के सियासी गणित पर अच्छी पकड़ रखता हो। इन सभी क्राइटेरिया पर मंत्री मोहम्मद बिल्कुल सटीक बैठते हैं। माना जा रहा है कि उनका नाम लगभग फाइनल है। औपचारिक ऐलान होना भर शेष है।
हाल ही में दिल्ली में हुई बैठक में टीएस सिंहदेव ने कहा था कि उन्हें घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी न दी जाए। इसके बाद पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ उपस्थित प्रदेश के तमाम नेताओं के बीच चर्चा में अकबर के नाम पर सहमति बनी है। इसकी औपचारिक घोषणा जल्द की जा सकती है।
दूसरी ओर घोषणा पत्र समिति के लिए मंत्री शिव डहरिया, अमरजीत भगत, ताम्रध्वज साहू और सांसद दीपक बैज के नाम पर भी चर्चा की गई, लेकिन इन सबके बीच मोहम्मद अकबर का नाम सबसे ऊपर रखा गया है। अगर कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ तो इन 4 नामों में से किसी एक को भी घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी जा सकती है। बता दें कि उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के इस निर्णय के बाद से प्रदेश की राजनीति में तरह-तरह की बातें होने लगी। बीजेपी निशाना पर लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधने में लगी है।