रायपुर कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने सेजबहार स्थित शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय और बीटीआई मैदान शंकर नगर स्थित शासकीय स्कूल में लोकसभा निर्वाचन के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। साथ ही आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने चुनाव सामग्री के वितरण के लिए बनाई गई व्यवस्था का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पोस्टल बैलेट के संबंध में सारी व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए, जिन अधिकारियों कर्मचारियों को डाक मतपत्र दिया जाना है, उनकी अंतिम सूची बना ली जाए और समय सीमा के भीतर वितरण किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि सेकंड रेंडमाइजेशन, कमिसनिंग, डाक मतपत्रों के वितरण और वोटर स्लीप के संबंध में टाइम टेबल बना कर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जहां मतगणना होनी है वहीं पर ईवीएम की कमिशनिंग भी की जानी है।
ड्यूटी में आए कर्मचारियों को यथासंभव सुविधा मिले और कोई तकलीफ ना हो। पोस्टल बैलेट के संबंध में सारी व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। रायपुर एसपी संतोष सिंह ने कहा कि स्ट्रांग रूम में तीन स्तर की बेरिकेंडिग की जानी है यह अच्छी तरीके से की जाए ताकि निर्वाचन कार्य सुचारु सरूप से सम्पन्न हो। उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने को कहा। साथ ही सामाग्री वितरण सहित अन्य निर्वाचन कार्य के समय स्ट्रांग रूम के आसपास के मार्गों में यातायात सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
बलौदाबाज़ार विधानसभा के लिए सामग्री वितरण केंद्र सत्यनारायण अग्रवाल शासकीय महाविद्यालय तिल्दा और धरसींवा विधानसभा क्रमांक 47, रायपुर नगर पश्चिम विधानसभा क्रमांक 49, रायपुर उत्तर विधानसभा क्रमांक 50 को सामग्री वितरण बी टी आई शंकर नगर से किया जायेगा। साथ ही रायपुर नगर दक्षिण विधानसभा क्रमांक 51, आरंग विधानसभा क्रमांक 52 और अभनपुर विधानसभा क्रमांक 53 के लिए सामग्री वितरण केंद्र शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय सेजबहार होगा। सामग्री वापसी केंद्र बलौदाबाज़ार विधानसभा के लिए कृषि उपज मंडी बलौदाबाज़ार और अन्य सभी विधानसभा क्रमांक 47,48,49, 50,51,52,53 के लिए शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय सेजबहार होगा। विधानसभा केंद्र बलौदबाजार के किए स्ट्रॉंग रूम कृषि उपज मंडी बलौदबाजार तथा अन्य विधानसभा क्रमांक 47,48,49, 50,51,52,53 के लिए शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय, सेजबहार रायपुर होगा।