राजस्व मंत्री जयसिंह ने पीसी कर भाजपा और पीएम नरेंद्र मोदी पर किया कमेंट।
- फोटो : संवाद
कोरबा। छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने केंद्र सरकार पर बहुमत के अतिवादी चरित्र के प्रदर्शन का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी के विरुद्ध की गई कार्रवाई का कारण है प्रधानमंत्री की दुखती रग पर हाथ रखना।
कोरबा विधायक और छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि राहुल गांधी के विरुद्ध जो कार्रवाई की गई है उसका एकमात्र कारण है कि उन्होंने देश के प्रधानमंत्री की दुखती रग पर हाथ रख दिया है। मोदी के निकट सहयोगी अदाणी के घोटालेबाजी और अदाणी-मोदी के गठबंधन पर आवाज उठाने के कारण यह कार्रवाई की गई है।
मीडिया से चर्चा करते हुए जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने के तीन दिन के अंदर लोकसभा के गृह समिति ने राहुल गांधी को मकान खाली करने के लिए 30 दिन का नोटिस दे दिया। यह सारी कार्रवाई यह बताने के लिए पर्याप्त है कि देश में तानाशाही और असहिष्णु सरकार चल रही है।
भाजपा द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि राहुल गांधी ने विदेशी ताकतों से लंदन में भारत की मदद करने के लिए नहीं कहा। ओबीसी को लेकर भाजपा जिस तरह से कांग्रेस को निशाना बना रही है इसे भी जयसिंह अग्रवाल ने ध्यान भटकाने का एक और बोगस हथकंडा करार दिया। राजस्व मंत्री ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी के विरुद्ध तीव्र गति से की गई कार्रवाई यह साबित करती है कि भाजपा राहुल गांधी से डरती है।
स्थानीय मुद्दों पर चर्चा करते हुए राजस्व मंत्री ने बताया कि कोरबा प्रदूषण से परेशान है। विद्युत संयंत्रों की राख कहीं भी फेंकी जा रही है इसे लेकर वे शीघ्र ही क्षेत्र में दौरा करेंगे। कोरबा को रेल सुविधाएं मिले इसके लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। जयसिंह अग्रवाल का कहना है कि यदि कोई भी संगठन इस मामले को उठाएगा तो वे उसे सहयोग प्रदान करने में कमी नहीं छोड़ेंगे।