कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामढ़ी निवासी सतीश रजक के नहर में कूदने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका है, जिससे परिजन और बस्ती के लोग परेशान हैं और गुरुवार सुबह कोतवाली थाना पहुंचकर गुहार लगाई।
बताया जा रहा है कि सतीश रजक हमाली का काम करता है। उसकी पत्नी और दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र 11 साल और 3 साल है। परिजनों के अनुसार तीन दिन पहले दोपहर करीब 3 बजे उसने बच्चों को खाना खिलाया और खुद भी खाना खाया। इसके बाद वह घर से लगी नहर की तरफ एक व्यक्ति के साथ गया था। इसी दौरान अचानक वह सीतामणी बसोड़ मोहल्ले के सामने से गुजर रही नहर में कूद गया। साथ गए व्यक्ति ने इसकी सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।
सूचना मिलते ही डायल 112 और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जिला नगर सेना के गोताखोरों की टीम को सूचना दी। पिछले तीन दिनों से रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है, लेकिन नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण गोताखोरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
परिजनों और बस्ती के लोगों का कहना है कि नहर में पानी कम कराया जाए और नहर किनारे लगे गांवों में मुनादी कराई जाए, ताकि युवक का पता चल सके। तीन दिन से तलाश जारी होने के बावजूद सफलता न मिलने से परिवार में मायूसी है।
वहीं इस मामले में सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि सतीश रजक नामक व्यक्ति नहर में कूद गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। इस मामले में गुम इंसान और बीएनएस की धारा 143 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। युवक की तलाश गोताखोरों और अन्य माध्यमों से लगातार जारी है।
सीएसपी ने लोगों से अपील की है कि नहर के पास नहाने न जाएं, अभी नहर में पानी का फ्लो ज्यादा है जो खतरनाक हो सकता है। पुलिस द्वारा लगातार लोगों को समझाइश दी जा रही है।
नहर में कूदे युवक की तीसरे दिन भी तलाश जारी, परिजन पहुचे कोतवाली थाना
नहर में कूदे युवक की तीसरे दिन भी तलाश जारी, परिजन पहुचे कोतवाली थाना