मेरे बारे में बोलने वाला बेवकूफ
पूर्व गृहमंत्री ने ननकी राम ने कहा कि, उरगा–चांपा नेशनल हाइवे के लिए जमीन देने वाले दर्जनों ग्रामीणों को मुआवजा नहीं मिला है। मुआवजा दिए बगैर ही उनके मकान को तोड़ दिया गया। अब बारिश में तो बिल्कुल भी तोड़ने नहीं देंगे। वहीं खुद को मुआवजा मिलने के एनएचएआई अफसर के बयान पर कहा कि, मेरे बारे में ऐसा बोलने वाला बेवकूफ है। ये आदमी ठेकेदार का दलाल या गुंडा होगा। उन्होंने कहा कि अगर ठेकेदार का आदमी मेरे सामने आ जाए और बहस करे। मैं बहुत लोगो को मार चुका हूं, नहीं छोड़ूंगा। ननकीराम ने कहा कि, गलत करने वालो को कलेक्टर छोड़ेंगे तो वे भी मार खाएंगे।
मकानों और दुकानें तोड़े जाने के विरोध में ग्रामीणों के साथ पूर्व मंत्री ननकी राम कंवर ने जाम की रोड।
- फोटो : संवाद
चार दिन पहले ही ग्रामीणों के साथ लगाया था जाम
दरअसल, कोरबा-चाम्पा मार्ग पर ग्राम पताढ़ी में हाईवे के लिए ली गई जमीन पर कब्जे को लेकर प्रशासन ने गुरुवार शाम उरगा इलाके में कई मकानों और दुकानों को ढहा दिया। इसके विरोध में शुक्रवार को भाजपा विधायक और पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर ने ग्रामीणों के साथ मिलकर हाईवे जाम कर दिया। आरोप लगाया कि प्रशासन ने बिना मुआवजा और नोटिस दिए उनके मकानों और दुकानों को गिराया। इसके बाद एनएचएआई के अफसरों ने बताया था कि, विधायक ने खुद मुआवजा लिया है। जब ग्रामीणों ने विधिवत फॉर्म ही नहीं भरा है, तो उनको मुआवजे की रकम भला कैसे जारी होगी।
यह भी पढ़ें...प्रशासन ने ढहाए कई मकान: पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर ने जाम किया हाईवे; बोले- बिना मुआवजा तोड़ा, कहां जाएं
एनएचएआई प्रोजेक्ट के डायरेक्टर डीडी पार्लावार
- फोटो : संवाद
बिना विधिवत फार्म भरे कैसे मिलेगा मुआवजा
हाईवे अथॉरिटी के अफसरों का कहना था कि, भाजपा के लोग ही कार्य मे व्यवधान उतपन्न कर रहे हैं। पहले वे क्षेत्र की सड़क खराब होने की बात कहते हुए धरना और विरोध जताते रहे। एनएचएआई प्रोजेक्ट के डायरेक्टर डीडी पार्लावार का कहना है कि विधिवत फॉर्म भरकर कई लोगों ने मुआवजा लिया है। जिनका पारिवारिक विवाद है, उनके घर के लोगों ने ही नहीं लिया है, जबकि ऐसे लोगों को कई बार नोटिस दी जा चुकी है। दूसरी तरफ कई ऐसे भी लोग हैं जो मुआवजा लेने के बाद भी निर्माण नहीं हटा रहे हैं। उन्होंने आग्रह किया है कि जनप्रतिनिधि और जनता निर्माण में सहयोग करें।