फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरबा में विजयदशमी पर मातम: 24 घंटे में सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत, दो गंभीर घायल

Wed, 21 Oct 2026 03:15 PM IST
कोरबा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोरबा

सार

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में विजयदशमी के दौरान 24 घंटे में चार अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस फरार वाहनों की तलाश कर रही है।
 
विज्ञापन
कोरबा में 24 घंटे में चार सड़क हादसे - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिले में विजयदशमी पर्व मातम में बदल गया। 24 घंटे के भीतर 4 अलग-अलग सड़क हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी हादसों की वजह तेज रफ्तार और नशा बताई जा रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विज्ञापन


कटघोरा में ट्रेलर की चपेट में आने से दुकानदार की मौत
पहला हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम को हुआ। छुरी हाईस्कूल के सामने ट्रेलर की चपेट में आने से दर्री निवासी राकेश कुमार रजक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि राकेश कटघोरा में अपनी मोबाइल दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

दशहरा मेला देखकर लौट रहे युवक को बस ने कुचला
दूसरा हादसा भी कटघोरा क्षेत्र में मंगलवार रात को हुआ। जुराली निवासी रवि गौड़ा दशहरा मेला देखकर अपने साथी के साथ लौट रहा था, तभी बस ने उसे चपेट में ले लिया। इस हादसे में रवि गौड़ा की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन


बाइक टोचन कर लौट रहे युवकों को ट्रक ने मारी टक्कर
तीसरा हादसा बुधवार सुबह बरपाली के भालू मोड़ पर हुआ। बाइक को टोचन कर लौट रहे युवकों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में भी एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत
चौथा हादसा करतला थाना क्षेत्र के रामपुर-नोनबिर्रा मुख्य मार्ग पर मंगलवार शाम करीब 5 बजे हुआ। यहां इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार दो युवकों को तेज रफ्तार भारी वाहन ने चपेट में ले लिया। मृतकों की पहचान 24 वर्षीय यशवंत गुप्ता और 20 वर्षीय शुभम गुप्ता के रूप में हुई है। दोनों एक ही परिवार के थे। वे नोनबिर्रा में दुर्गा विसर्जन के बाद पंडित के यहां सामान छोड़कर लौट रहे थे।

फरार वाहनों की तलाश जारी
इन सभी मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि कटघोरा थाना क्षेत्र में तीन हादसों में तीन लोगों की मौत हुई है, वहीं करतला में दो युवकों की जान गई है। सभी मामलों की जांच की जा रही है। हादसों में शामिल फरार वाहनों की तलाश जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें