शहर के सेन चौक स्थित कैफे में अचानक भीषण आग लग गई। कैफे में लगी आग से पूरा कैफे जलकर राख हो गया। कैफे बंद होने के बाद कैफे में आग लग गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
नए साल के पहले दिन ही शहर में आगजनी की घटना सामने आई। बीती रात शहर के सेन चौक स्थित परिंदा कैफे में भीषण आग लग गई। जिसमे पूरा कैफे जलकर खाक हो गया है। परिंदा कैफे के संचालक अशोक उके ने बताया कि एक जनवरी की रात नौ बजे कैफे बंद कर घर चले गए थे। रात 10 बजे उन्हे कैफे में आग लगने की जानकारी मिली। कैफे जलने से तकरीबन 1.5 लाख का नुकसान हुआ है।
एक हफ्ते पहले शुरू किया था नया कैफे
सेन चौक में संचालित परिंदा कैफे के संचालक अशोक ने बताया कि एक सप्ताह पहले ही कैफे शुरू किया था। रोज की तरह ही रात नौ बजे कैफे बंद कर घर चले गए थे। इसी बीच कैफे के पास मौजूद अन्य दुकानदारों ने कैफे में आग लगने की जानकारी दी। कैफे में रखे नगद दस हजार, नए फर्नीचर और अन्य सामान जल गया। जिससे लाखों का नुकसान हुआ है।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
कैफे में आग लगने की सूचना मिलते है फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड पहुंचने तक आग भीषण हो चुकी थी। जिसमें कैफे पूरी तरह जल चुका था।
आग लगने का कारण अज्ञात
कोतवाली थाना प्रभारी शरद दुबे ने बताया कि सेन चौक स्थित कैफे में आग लगने की सूचना मिली। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया है। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं है।