धनेली के रहने वाले मानव और कुमकुम
कांकेर जिले के कोरर में हुई सड़क दुर्घटना में ग्राम धनेली के भाई-बहन मानव और कुमकुम की असामयिक मृत्यु हुई है। स्थानीय लोगों से जब बात की गई तो पता चला कि दोनों भाई-बहन एवं उनका पूरा परिवार मूल रूप से बालोद जिले का रहने वाला है। लेकिन उन्होंने वहां पर घर खरीदा था और वहीं खेती किसानी का कार्य कर अपना जीवन यापन करते थे पिता महेश्वर साहू के ऊपर गम का पहाड़ टूट पड़ा है। मानव साहू की उम्र 6 वर्ष जोकि कक्षा दूसरी में अध्ययनरत थे और उनकी पुत्री कुमकुम साहू जिनकी उम्र 10 वर्ष और वे कक्षा चौथी का छात्रा थी
विधायक संगीता का भावुक पोस्ट
संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता सिन्हा ने पीड़ित परिवार के बीच जाकर उनके शोक कार्यक्रम में शामिल हुईं इसके बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट भी शेयर किया। विधायक ने लिखा कि "बच्चे परिवार की जान होते हैं। उनकी खिलखिलाती हंसी अगर किसी दुर्घटना की भेंट चढ़ जाए तो माता-पिता व परिवार को असहनीय पीड़ा देती है। और यह पीड़ा उम्र भर दिलों में घर कर जाती है।"
शासन से मिलेगी सहायता
विधायक के करीबी माने जाने वाले सुमीत राजपूत ने बताया कि भानुप्रतापपुर से तहसीलदार भी यहां आने वाले हैं और विधायक उनका इंतजार कर रहे हैं उन्होंने बताया कि शासन एवं प्रशासन की तरफ से बच्चों के परिवार वालों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। स्थानीय प्रशासन को भी वहां के तहसीलदार का इंतजार है।
जानिए घटनाक्रम
कांकेर में कोरर के पास भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां स्कूली बच्चों को लेकर जा रही ऑटो को ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 7 बच्चों की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि ऑटो में 8 बच्चे सवार थे।
कैसे हुआ हादसा
कोरर थाना अंतर्गत स्कूल की छुट्टी होने के बाद 8 बच्चे एक ऑटो में सवार होकर अपने घर जा रहे थे। इस दौरान आयुष केंद्र कोरर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। घटना इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। घटनास्थल पर ही दो बच्चों की मौके पर मौत हो गई।