बीजापुर जिला मुख्यालय में अंजुमन इस्लामियां कमेटी की अगुवाई में पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की पैदाइश के मौके पर शान से जुलूस ए मोहम्मदी निकाली गई। इस जुलूस में बीजापुर, आवापल्ली, कुटरू, फरसेगढ़ व नैमेड से बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग आकर शामिल हुए।
हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की पैदाइश के मौके पर गुरुवार की सुबह 9 बजे बीजापुर जामा मस्जिद से अंजुमन इस्लामियां कमेटी के अगुवाई में जश्न ए ईद मिलाद उन नबी के मौके पर जुलूस ए मोहम्मदी बड़े ही शान ओ शौकत के साथ निकाली गई। जुलूस जामा मस्जिद से निकल कर नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए नगर भ्रमण के बाद वापस जामा मस्जिद में आकर खत्म हुई। जुलूस में लोगों ने खूब नारे लगाकर पैगंबर साहब की शान में नाअत व सलातो सलाम पढ़ी।
युवाओं ने जोशीले अंदाज में नबी की आमद की खुशियां मनाई। जुलूस के बाद जामा मस्जिद में परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। इसके बाद फातिहा पढ़ी गई और मुल्क में अमन चैन की दुआ की गई। फातेहा ख्वानी के बाद मर्दों को पैगंबर साहब के मुंहे मुबारक की जियारत कराई गई व नमाजे जोहर के बाद औरतों को मुंहे मुबारक की जियारत करवाई गई। अंजुमन इस्लामियां कमेटी की ओर से शाम में आम लंगर का इंतेजाम किया गया है।
अंजुमन इस्लामिया कमेटी के मुबारक मौके पर इस बार बीजापुर में महिलाओं ने भी काफी उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 11 दिनों तक महिलाओं ने मिलाद व तकरीर का प्रोग्राम अच्छे तरीके से कराया। प्रोग्राम के 11वें दिन महिलाओं ने प्रोग्राम में आने वाली सभी महिलाओं व बच्चों को तोहफा देकर लंगर बांटे।