पुलिस ने जेसीसीजे कार्यकर्ताओं को थाने में बैठाया
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुर ग्रामीण विधानसभा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भेंट मुलाकात कार्यक्रम में शराबबंदी की मांग करने जाने से पूर्व अजीत जोगी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप साहू और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे के जिला अध्यक्ष संदीप यदु एवं एक दर्जन से भी अधिक जोगी कांग्रेसियों को टिकरापारा पुलिस ने घर से गिरफ्तार कर लिया। जोगी कांग्रेसियों ने हाथों में संविधान निर्माता डॉ बाबा साहेब अंबेडकर और राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री स्व अजीत जोगी के फोटो चित्र को लेकर टिकरापारा पुलिस थाना पहुंचे।
इस दौरान अजीत जोगी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप साहू ने कहा कि प्रदेश भर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भेंट मुलाकात कार्यक्रम चल रहा है। इसी कड़ी में आज रायपुर ग्रामीण में आयोजित भेंट मुलाकात कार्यक्रम के पूर्व शराबबंदी की मांग करने से पहले हमें घर से अवैध रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। हमने जन घोषण पत्र में किए गए शराबबंदी के वादे को याद दिलाते हुए रायपुर ग्रामीण में भेंट मुलाकात करने से पूर्व शराबबंदी की मांग की थी।
सीएम से किया सवाल
उन्होंने कहा कि क्या शराबबंदी की मांग करना अपराध है ? लोकतांत्रिक तरीके से मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखना गुनाह है? जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे के जिला अध्यक्ष संदीप यदु ने कहा पुलिस ने हमारी गिरफ्तारी कर विपक्ष की आवाज को दबाने का काम किया है। लोकतांत्रिक व्यवस्था को कुचलने का काम किया है। ऐसा लगता है मुख्यमंत्री जी के भेंट मुलाकात में सिर्फ कांग्रेसियों की आवाज सुनी जाती है। विरोध करने वालों को गिरफ्तार किया जाता है। इसका परिणाम कांग्रेस को वर्ष 2023-2024 के विधानसभा में चुनाव में भुगतना पड़ेगा।
पुलिस ने इन्हें किया गिरफ्तार
रायपुर ग्रामीण विधानसभा भेंट मुलाकात पर जाने से पहले ही अजीत जोगी युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप साहू, जिला अध्यक्ष संदीप यदु, हरीश साहू , सुजीत डायरिया, दिन दयाल कुर्रे, शुभम दास, शैलेंद्र यादव, रोशन निषाद, हेमंत ध्रुव, योगेन्द्र देवांगन, इन्द्र कुमार निषाद,नवीन ध्रुव, मधुर दास आदि को गिरफ्तार किय गया।