छत्तीसगढ़ के सक्ती में बासीन गांव के पास एक बाइक पर तीन दोस्त घूमने के लिए मिरोनी बैराज गए थे। वहां से लौटने के दौरान बाइक सड़क किनारे कुएं में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो की हालत गंभीर है। उन्हें उपचार के लिए दोनों युवकों को रायगढ़ रेफर कर दिया गया है। हादसा डभरा थाना क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, सुखापाली निवासी महेंद्र बघेल (19), राज कुमार निराला (18) और सचिन जांगड़े (18) तीनों एक बाइक से घूमने के लिए आठ किमी दूर ग्राम मिरोनी में बने बैराज गए थे। तीनों बैराज घूमने के बाद वापस अपने घर सुखापाली के लिए निकले थे। तभी ग्राम बासिन के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने 40- 50 फीट गहरे खुले कुएं में जा गिरी।
ग्रामीणों ने देखा तो रस्सी की मदद से तीनों को बाहर निकाला। तीनों को उपचार के लिए डभरा के अस्पताल लाया गया। जहां युवक महेंद्र बघेल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं राज कुमार निराला का पैर टूट गया और सचिन जांगड़े का हाथ टूटा है व सिर पर गंभीर चोट आई है। दोनों का प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ रेफर किया गया है।