छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक नाबालिग ने अपने ही चाचा की हत्या कर दी। घर आए चाचा की किसी बात को लेकर दी गई सलाह भतीजे को बुरी लगी तो दोनों मे विवाद शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ी कि भतीजे ने पहले चाचा को डंडे से जमकर पीटा और फिर कुल्हाड़ी से सिर पर वारकर जान ले ली। पुलिस ने आरोपी भतीजे को पकड़ लिया। उसे बाल न्यायालय में पेश करने के बाद बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। मामला लोहड़ीगुड़ा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, मिचनार निवासी सन्नू कर्मा 6 जून की देर शाम करीब 7 बजे कुछ दूरी पर रहने वाले अपने भाई मंगलू कर्मा के घर गया था। वहां घर में मौजूद भतीजे से किसी घरेलू बात को लेकर सन्नू कर्मा की बातचीत होने लगी। बात बढ़ी तो भतीजे ने बहस करना शुरू कर दिया। इस पर सन्नू ने उसे समझाया, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया। दोनों एक-दूसरे को मारने पर उतारू हो गए। परिजनों ने भी उनको समझाने का प्रयास किया, पर कोई सुनने को तैयार नहीं था।
आरोप है कि इस पर नाबालिग भतीजे ने घर के अंदर रखे डंडे से पहले चाचा की पिटाई की। उसके बाद कुल्हाड़ी ले आया और उससे चाचा के सिर पर दो बार वार कर दिया। इससे सन्नू लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गांव में हत्या की खबर फैल गई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दे दी। थोड़ी देर में पुलिस पहुंची और आरोपी भतीजे को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।