PM की जनसभा के लिए सज रहा लालबाग मैदान
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आमसभा के लिये लालबाग मैदान सज रहा है। जहां से तीन अक्टूबर को पीएम मोदी बस्तर की जनता को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की सभा को सुनने आने वाले लोगों के लिये व्यापक इंतज़ाम किये जा रहे हैं। जिसके लिये तीन विशाल डोम बनाने का काम जोर-शोर से जारी है। बार-बार बिगड़ते मौसम को ध्यान में रखते हुये तीनों डोम वाटर प्रुफ होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभाओं में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुये लोगों के बैठने के लिये लालबाग मैदान के बड़े हिस्से को घेरा गया है। सुरक्षा के बेहद सख़्त इंतज़ाम किये गये हैं।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आमसभा लालबाग मैदान में वर्ष 2018 को हुई थी। भारतीय जनता पार्टी पूरे उत्साह से मोदी के बस्तर आगमन और उनकी आमसभा की तमाम तैयारियों को पूरा करने जुटी है। सभा में आने के लिये सभी समाज के प्रमुखों से भेंट कर भाजपा के नेता, पदाधिकारी आमंत्रण पत्र देकर समूचे समाज को ससम्मान आमंत्रित कर रहे हैं। वार्डों में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर लोगों से जीवंत संपर्क बनाकर सभा के लिये निमंत्रित किया जा रहा है। भाजपा के बड़े नेता बैठकें कर संपन्न कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में किसी भी तरह की कमी न होने के निर्देश दिये गये हैं। जिसमें भाजपा के सभी बडे़ नेताओं को अलग-अलग दायित्व सौंपा गया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आमसभा ऐतिहासिक होगी।