जगदलपुर में लगे जागरूकता मतदान केंद्र में जानकारी लेने पहुंचे कलेक्टर और एसपी।
- फोटो : संवाद
छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने है। ऐसे में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जगदलपुर में जागरूकता शिविर लगाया गया है। इसमें ईवीएम और वीवीपैट मशीन को लेकर लोगों को जानकारी दी जा रही है। जिला कार्यालय में लगाए गए इस कैंप में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मीणा ने प्रतीकात्मक वोट दिया और इसके बाद सेल्फी जोन में सेल्फी भी ली। इस अवसर पर कलेक्टर विजय दयाराम के.भी मौजूद रहे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विजय दयाराम के मार्गदर्शन में विधानसभा निर्वाचन 2023 में शत-प्रतिशत मतदाताओं द्वारा मताधिकार का प्रयोग सुनिश्चित कराने के लिए इस तरह का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट मशीन व मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए कलेक्ट्रेट व सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालयों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन केंद्र बनाए गए हैं।
प्रदर्शन केंद्र में मतदाताओं को वोटिंग मशीन का बटन दबाकर वोट डालने का प्रयोग कराया जा रहा है। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम स्वीप अंतर्गत समावेशी, सुगम व सहभागी निर्वाचन के लिए जनसामान्य को जानकारी दी जा रही है। वीवीपैट व्यवस्था के तहत वोट डालने के तुरंत बाद कागज की एक पर्ची बनती है। इस पर्ची पर जिस उम्मीदवार को वोट दिया है, उनका नाम और चुनाव चिन्ह छपा होता है। यह पर्ची वीवीपैट के स्क्रीन पर वोटर को 7 सेकेण्ड तक दिखने के पश्चात वीवीपैट के बॉक्स में कटकर गिरती है।