सांसद समेत भाजपा कार्यकर्ताओं ने कवर्धा-रायपुर हाईवे पर किया चक्काजाम
- फोटो : अमर उजाला
पिपरिया थाना क्षेत्र में एक सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा ने जहर खा लिया। छात्रा की रविवार को रायपुर के मेकाहारा हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। रविवार को मृतक छात्रा का अंतिम संस्कार रायपुर में किया गया। बताया जा रहा है कि छात्रा अपने दादा-दादी के पास रहकर पढ़ाई करती थी। ग्रामीणों व परिजनों ने इस मामले में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाया है।
वहीं, इस मामले को लेकर सोमवार को भाजपा कार्यकर्ता व राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने रायपुर-कवर्धा नेशनल हाईवे स्थित ग्राम दशरंगपुर में स्कूल के सामने चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों को कहना है कि छात्रा स्कूल में छेड़छाड़ व साथियों के चिढ़ाने से परेशान थी। इसे लेकर छात्रा ने दो से तीन बार स्कूल प्रबंधन को जानकारी दी थी। इसके बाद भी कोई एक्शन नहीं लिया गया।
आखिर में परेशान होकर छात्रा ने शनिवार को जहर खा लिया। छात्रा को कवर्धा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन छात्रा की स्थिति गंभीर होने के कारण रायपुर रेफर कर दिया गया। इस संबंध में दशरंगपुर पुलिस चौकी प्रभारी का कहना है कि छात्रा के रायपुर में इलाज के दौरान मौत होने की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, सांसद संतोष पांडेय ने पूरे मामले की जांच कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने घटना को गंभीरता से लिया है। उन्होंने इस घटनाक्रम की गहनता से जांच करने के लिए संयुक्त कलेक्टर डॉ. मोनिका कौड़ों को जांच अधिकारी बनाया है। इस घटना की सभी पहलूओं की जांच कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैे। इस संबंध में चक्काजाम के बाद शाम के समय आदेश जारी किया गया है।