सड़क हादसे के बाद मौके पर लगी भीड़ और पहुंची पुलिस।
- फोटो : संवाद
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में सोमवार को सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी में रखवाया है। बताया जा रहा है कि ग्राम बोईरडीह में पुल पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हुई है। हादसा छुरिया थाना क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, बोईरडीह के रहने वाले तीन युवक शिव नेताम,भोमेन्द्र कुंजाम और तिलक मंडावी छुरिया से पांडेटोला की ओर जा रहे थे। उसी दौरान शिकारीमहका गांव से निवासी हितेश चौरे और दिलीप गोड सामने से आ गए। अभी वे बोईरडीह पुल पर पहुंचे थे कि दोनों बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में मौके पर ही हितेश चौरे की मौत हो गई।
वहीं दिलीप गोड को घायल हालत में अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। दूसरी बाइक पर सवार शिव नेताम और भोमेंद्र कुंजाम की भी मौत हो गई।तिलक मंडावी हादसे में गंभीर रूप से घायल है। एसएसपी अभिषेक मीना ने बताया कि- चार लोगों की स्पॉट डेथ हुई है। एक शख्स को अस्पताल में भर्ती किया गया है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है। चारों की मौत सिर पर चोट लगने से हुई है।