पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव की पत्नी इंदिरा सिंहदेव का निधन
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
Indira Singh Deo passed away: छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव की पत्नी इंदिरा सिंहदेव बेबीराज का शनिवार की सुबह आठ बजे निधन हो गया। वो पिछले छह महीने से कैंसर से पीड़ित थीं। दिल्ली और मुंबई के अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा था। कोई सुधार नहीं हुआ तो 13 जून को मुंबई से अंबिकापुर एयर एम्बुलेंस के माध्यम से लाया गया था। उनका अंतिम संस्कार आज दो बजे के बाद रानी तालाब में किया जाएगा।
उनके निधन पर प्रदेश के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर लिखा कि 'अभी बेहद दुखद सूचना प्राप्त हुई है। सरगुजा राजपरिवार की इंदिरा सिंह जी (बेबी राज जी) का देहांत हो गया है। वो लंबे समय से गंभीर बीमारी से संघर्ष कर रही थीं। हम सब उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हैं। इस दुःख की घड़ी में सिंहदेव परिवार के साथ हम सब हैं। यह हमारी पारिवारिक क्षति भी है। अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए अमरकंटक से रवाना हो रहा हूँ।
बेबीराज का जन्म 12 अप्रैल 1950 को धरमजयगढ़ राजपरिवार में हुआ था। इनके निधन से सरगुजा राजपरिवार औप सरगुजा संभाग में शोक का की लहर है। बेबीराज लोगों की सहायता के लिए हमेशा आगे खड़ी रहती थीं। जरूरतमंदों के लिए हमेशा कार्य करती थीं।
विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह ने ट्वीट कर दुख जताया। कहा कि सरगुजा राजपरिवार की इंदिरा सिंह जी के देहांत के समाचार से मन अत्यंत दुःखी है। पिछले 6 महीनों से कैंसर से जूझते हुए आज उन्होंने अंतिम सांस ली, मैं श्रीहरि से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। इस दुःखद समय में टीएस सिंहदेव और सभी शोकाकुल परिजनों के प्रति मैं संवेदनाएँ व्यक्त करता हूं।