छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा गुरुवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर कबीरधाम पहुंचे। इस दौरान विभिन्न गांवों में आयोजित मां शाकम्भरी जयंती आयोजन में शामिल हुए। डिप्टी सीएम विजय शर्मा बोडला विकासखंड के ग्राम मोतिमपुर, बरपेलाटोला, अमलीडीह, मजगांव, समनापुर और नेवारी में आयोजित शाकंभरी जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने मां शाकम्भरी देवी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने समाज के नागरिकों को मां शाकम्भरी देवी जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मातृत्व शक्ति, माता-बहनों की सम्मान के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में एक महतारी सदन बनाने का निर्णय लिया है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समाज के उत्थान के लिए ग्राम अमलीडीह में मरार समाज के सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपये, ग्राम मजगांव में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, आहाता निर्माण के लिए दो लाख रुपये, ग्राम समनापुर में भवन निर्माण के लिए पांच लाख रूपये, आहता निर्माण के लिए तीन लाख रूपये, ग्राम नेवारी में भवन निर्माण के लिए आठ लाख रूपये देने की घोषणा की।
ग्रामवासियों ने नए आंगनबाड़ी भवन की मांग की। उप मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी भवन के लिए आश्वस्त किया। ग्राम नेवारी में समाज की मांग पर उप मुख्यमंत्री ने चौक निर्माण के लिए जगह चिन्हांकित करने को कहा। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि इसके अलावा क्षेत्र और ग्राम विकास के लिए जो भी मांग और समस्याओं को संज्ञान में लाया जाएगा, उन्हें भी प्राथमिकता से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।