छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में तीन दिन से लापता एक बुजुर्ग का सड़ी-गली हालत में शव मिला है। शव उसी के घर के पीछे पड़ा हुआ था। जब बदबू आने लगी तो परिजनों को इसका पता चला। आशंका जताई जा रही है कि गिरने के कारण उनकी मौत हुई है। हालांकि बुजुर्ग घर के पीछे क्यों गए थे, यह पता नहीं चल सका है। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, तरोद गांव निवासी प्रहलाद सिंह (88) 9 नवंबर से लापता थे। उनके बेटे पुष्पेंद्र सिंह ने अगले दिन गुरुवार को थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद से पुलिस उन्हें तलाश रही थी। बेटे ने बताया था कि वह शाम करीब 5.30-6 बजे के बीच बिना किसी को बताए घर से निकले थे। इसके बाद से उनका कुछ पता नहीं है।
काफी तलाश की गई, रिश्तेदारों और आसपास भी पता किया, लेकिन नहीं मिले थे। इस बीच शनिवार को घर के लोगों को घर के पीछे से बदबू आई। उन्होंने देखा तो करीब 200 मीटर दूर बाउंड्रीवॉल के पास कुछ पड़ा था। इस पर वे घर के पीछे गए और देखा तो प्रहलाद सिंह का शव सड़ी-गली हालत में वहां पड़ा था। आशंका है कि गिरने से मौत हुई है।
घरवालों ने बताया कि प्रहलाद सिंह काफी बुजुर्ग हो चुके थे। लाठी के सहारे पैदल चला करते थे। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। इसके बाद आगे की जांच की जाएगी।