छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव लोकसभा सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होगा। इस लोकसभा सीट में कबीरधाम जिले के दोनों विधानसभा कवर्धा व पंडरिया शामिल हैं। गुरुवार को कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी ने बूथ का जायजा लिया।
भारत निर्वाचन आयोग की समय सारणी के अनुसार छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के अंतर्गत लोकसभा सीट राजनांदगांव में 26 अप्रैल को मतदान होगा। इस लोकसभा सीट में कबीरधाम जिले के दोनों विधानसभा कवर्धा व पंडरिया शामिल हैं। गुरुवार को कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी जन्मेजय महोबे ने दोनों विधानसभा क्षेत्र के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के कमीशनिंग कार्य का जायजा लिया।
विज्ञापन
कमीशनिंग कार्य नवीन कृषि उपज मंडी परिसर में किया जा रहा है। दोनों विधानसभा क्षेत्र में 75 टेबल लगाकर मतदान के लिए कमीशनिंग कार्य किया जा रहा। इसके माध्यम से बीयू में बैलेट पेपर लगाए गए और पिंक पेपर से सील किया गया। वीवीपैट में ईसीआईएल के इंजीनियरों के माध्यम से सिंबल लोडिंग (चुनाव चिन्ह) किया गया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि की उपस्थित में पांच प्रतिशित मशीन में एक हजार मॉकपॉल किया गया। सभी बीयू, सीयू और वीवीपैट का सिलिंग कार्य किया जा रहा है।
राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र में कुल 15 अभ्यर्थी व नोटा एक कुल 16 है। विधानसभा क्षेत्र पंडरिया अंतर्गत 393 मतदान केंद्र हैं। इन मतदान केंद्र के लिए 393 बैलेट यूनिट, 393 कंट्रोल यूनिट तथा 393 वीवीपैट को सुरक्षित रखा गया है। इसके साथ ही कंट्रोल यूनिट 78, बैलेट यूनिट 78 और 117 वीवीपैट रिजर्व रखा गया है। कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदान केन्द्र 411 हैं। इन मतदान केंद्र के लिए बैलेट यूनिट 411, कंट्रोल यूनिट 411 और वीवीपैट 411 सुरक्षित रखा गया है। बैलेट यूनिट 82, कंट्रोल यूनिट 82 और 123 वीवीपैट रिजर्व के लिए चयन किया गया है। आगामी 26 अप्रैल को मतदान होगा। मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक निर्धारित है।