मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने अपने-अपने कार्यालयों का कार्यभार संभालने के दौरान महानदी भवन में पूजा की। बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय, महानदी भवन पहुंचकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया था। उनके साथ डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा ने भी शपथ ग्रहण की थी।
बुधवार को विष्णुदेव साय ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के तौर पद और गोपनीयता की शपथ ली। मुख्यमंत्री के साथ उनकी कैबिनेट के दो उप-मुख्यमंत्रियों विजय शर्मा और अरुण साव ने भी शपथ ली। 59 साल के विष्णुदेव साय ने 11वीं तक ही शिक्षा हासिल की है। साय ने 1989 से राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। बतौर पंच उन्होंने सियासी सफर शुरू किया था। इसके अगले साल निर्विरोध सरपंच बने। साल 1990 में ही विधायक चुने गए। विष्णुदेव साय कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। साय ने 25541 वोटों के अंतर से कांग्रेस प्रत्याशी यूडी मिंज को हराया है।
छत्तीसगढ़ के नए सीएम विष्णुदेव का प्रदेश में बड़ा नाम है। वे आदिवासी समाज के बड़े नेता माने जाते हैं। विष्णुदेव साय चार बार सांसद, दो बार विधायक, केंद्रीय राज्य मंत्री और दो-दो बार के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। इसके साथ ही साय को संगठन में काम करने का लंबा अनुभव भी है। साल 2023 में विधानसभा चुनाव में उन्होंने कुनकुरी सीट से जीत हासिल की है। विष्णुदेव साय साफ छवि के नेता के रूप में भी जाने जाते हैं। वहीं प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाए जाने के बाद भी वे पार्टी से लगातार जुड़े रहे।