रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने स्कूली बच्चों को दिया न्योता भोज
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्म दिवस के एक दिन पहले रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने स्कूली बच्चों को न्योता भोज दिया। यह आयोजन एमएलए मोतीलाल अपने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत टेमरी स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में किया। उन्होंने सीएम साय के जन्मदिन के एक दिन पहले स्कूली बच्चों के साथ न्योता भोज कर मुख्यमंत्री को जन्मदिन की अग्रिम शुभकामना दी। सीएम साय का कल 21 फरवरी को जन्म दिवस है। विधायक साहू ने बच्चों को स्वयं भोजन परोसा और उनके बीच चटाई पर बैठकर भोजन भी किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि न्योता भोजन का उद्देश्य समुदाय के बीच अपनेपन की भावना का विकास, भोजन के पोषक मूल्य में वृद्धि और सभी समुदाय वर्ग के बच्चों में समानता की भावना विकसित करना है। अगर बच्चे पौष्टिक भोजन करेंगे तो उनके शारीरिक एवं बौद्धिक विकास में सकारात्मक गति मिलेगी और शरीक और मानसिक रूप से मजबूत बच्चे शिक्षा में अग्रणी रहेंगे। न्योता भोजन की अवधारणा सामुदायिक भागीदारी पर आधारित है। यह पूरी तरह से स्वैच्छिक है और समुदाय के लोग अथवा कोई भी सामाजिक संगठन, स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को पूर्ण भोजन का योगदान कर सकते हैं। अतिरिक्त पूरक पोषण के रूप में खाद्य सामग्री का योगदान कर सकेंगे।