मजिस्ट्रेट कोर्ट ने विधायक के बेटे को 14 दिन की कस्टडी में भेजा है।
- फोटो : Social Media
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की पुलिस ने थाने में पुलिस आरक्षक और ट्रक चालक के साथ मारपीट करने के आरोपी कांग्रेस पार्टी के एक विधायक के बेटे समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। रायगढ़ जिले के पुलिस अधिकारियों ने यहां बताया कि जिले के कोतरारोड थाने में आरक्षक और ट्रक चालक के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को कांग्रेस विधायक प्रकाश नायक के पुत्र रितिक नायक समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया।
इससे पहले एक आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रितिक नायक और उसके छह साथियों के खिलाफ आरक्षक एल एस राठिया और ट्रक चालक मुलायम यादव ने शुक्रवार को मारपीट का मामला दर्ज कराया था। राठिया और यादव की शिकायत पर पुलिस ने देर रात दो अलग अलग आपराधिक मामले दर्ज किए थे।
रितिक नायक और उसके पांच साथियों ने कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की थी। पुलिस ने मंगलवार को सभी आरोपियों को रायगढ़ जिले की स्थानीय अदालत में पेश किया। मामले में सुनवाई करने के बाद प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट ने जमानत याचिका खारिज कर दी। उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी अब 30 अप्रैल तक न्यायिक रिमांड पर जेल में रहेंगे।
बेटे की गिरफ्तारी पर क्या बोले विधायक?
विधायक प्रकाश नायक ने आरोपियों के साथ थाने पहुंचकर कहा, "मैंने अपने बेटे का उसके साथियों सहित सरेंडर कराया है। मैं चाहता हूं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हों, जो दोषी हैं, उन पर कार्रवाई की जाए। मैंने विधायक धर्म निभाया, मैं पिता धर्म निभा रहा हूं, पर कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। दूसरी ओर पुलिस की तरफ से अभी सिर्फ इतना बताया गया है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है।"