छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए विभिन्न प्रवेश और पात्रता परिक्षाओं की परीक्षा तिथियों में एक बार संशोधन किया है। बी.एससी नर्सिंग, बीएससी (कृषि), बीएससी (उद्यानिकी),पीएटी और पीव्हीपीटी की परीक्षाओं के समय समय सारणी में बदलाव किया गया है।
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अन्य केन्द्र स्तरीय परीक्षाओं की तिथि घोषित होने के परिणाम स्वरूप पीएटी और पीव्हीपीटी, बीएससी कृषि, बीएससी उद्यानिकी, पशुपालन में डिप्लोमा और मत्स्यिकी विज्ञान में डिप्लोमा, प्री बीए बीएड और प्री बीएससी बीएड की परीक्षाएं अब 09 जून को होगी। इससे पहले 16 जून को परीक्षा निर्धारित की गई थी।
इसी प्रकार बी.एससी नर्सिंग-2024, पोस्ट बेसिक नर्सिंग-2024 एवं एमएससी नर्सिंग-2024 की परीक्षा 14 जुलाई 2024 को आयोजित की जाएगी। इससे पहले इन परीक्षाओं के लिए सात जुलाई की तिथि निर्धारित की गई थी।
अन्य प्रवेश परीक्षा का अद्यतन कार्यक्रम इस प्रकार निर्धारित किया गया है। पीईटी-2024, प्री एमसीए एवं पीपीएचटी की परीक्षा 13 जून को होगी। पीपीटी, टीईटी पात्रता परीक्षा 23 जून को और प्री बीएड और प्री डीएलएड की परीक्षा 30 जून को होगी।