स्वास्थ्य कर्मियों ने बांस से बनी टोकरी में बैठाकर गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाया
- फोटो : ANI
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में स्वास्थ्य कर्मियों ने मानवता की मिसाल पेश की है। यहां के मोहनबेडा गांव में सड़क की सुविधा न होने की वजह स्वास्थ्य कर्मी एक गर्भवती महिला को बांस से बनी टोकरी में लटकाकर प्रसव के लिए अस्पताल लेकर गए।
बताया गया है कि स्वास्थ्य कर्मियों ने तीन किलोमीटर तक ऐसे ही सफर किया। सड़क न होने के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकती थी, इसलिए वे महिला को टोकरी में ही अस्पताल ले गए।
कोंडागांव के मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) टीआर कंवर ने बताया, उन्होंने एंबुलेंस को फोन किया था लेकिन वह वहां नहीं पहुंच सकी। यह एक सुदूरवर्ती क्षेत्र है। सड़क की अनुपलब्धता के कारण वाहन वहां नहीं पहुंच सकते। उन्होंने कहा कि महिला का जिला अस्पताल में प्रसव कराया गया। फिलहाल मां और बच्चा सुरक्षित हैं।