दिल्ली में चल रहे पहलवानों के विरोध प्रदर्शन को छत्तीसगढ़ के किसानों ने भी अपना समर्थन दिया है। किसान इसे लेकर पूरे प्रदेश में अलग-अलग जिला प्रशासन को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंप रहे हैं। किसानों का आरोप है कि गरीब परिवार से आने वाली इन बेटियों के साथ केंद्र सरकार क्रर व्यवहार कर रही है। उन्होंने राष्ट्रपति से अखिल भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह को गिरफ्तार करने की मांग की है। इसे लेकर गरियाबंद में भी किसानों ने एसडीएम राजिम को ज्ञापन दिया।
एक से पांच जून तक देशव्यापी ज्ञापन सौंप रहे किसान
संयुक्त किसान मोर्चा के देशव्यापी आह्वान पर किसान एक से पांच जून तक सभी राज्यों से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ के संयोजक मंडल सदस्य तेजराम विद्रोही, अखिल भारतीय क्रांतिकारी किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष मदन लाल साहू सहित अन्य किसानों ने ज्ञापन में कहा है कि, अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों में पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली नाबालिग सहित, कई महिला पहलवानों ने भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।
दिल्ली पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
केंद्र सरकार जनवरी में आरोपी सांसद के खिलाफ जांच करने और आवश्यक कदम उठाने के लिए खिलाड़ियों से किए वादे को पूरा करने में विफल रही। ऐसे में महिला पहलवान 23 अप्रैल से दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रही हैं। खिलाड़ियों को सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा। कोर्ट में मामले की सुनवाई शुरू करने के बाद ही दिल्ली पुलिस ने आरोपी बृज भूषण के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की। दुर्भाग्य से, उसके बाद दिल्ली पुलिस अपने पांव खींच रही है। जांच और अभियोजन को आगे नहीं बढ़ाया गया है।
कुश्ती ग्रामीण खेल, घटना से विचलित
किसानों ने आरोप लगाया कि, जब खिलाड़ियों ने अपना विरोध जारी रखा और 28 मई को शांतिपूर्ण मार्च निकाला, तो दिल्ली पुलिस, ने उनके विरोध मार्च का क्रूरता से दमन किया। उन्हें हिरासत में लिया, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की और उन्हें जंतर-मंतर पर उनके शांतिपूर्ण विरोध स्थल से हटा दिया। यह पूरी तरह से गलत और अलोकतांत्रिक था। संयुक्त किसान मोर्चा में हम इन घटनाओं से बेहद विचलित हैं। आप खुद एक किसान की बेटी होने के नाते जानती हैं कि, कुश्ती एक ग्रामीण खेल है।
जिम्मेदार अफसरों पर हो कार्रवाई
किसानों ने ज्ञापन में कहा है कि, राष्ट्र के प्रमुख के रूप में, हम आपसे यह निर्देश जारी करने का अनुरोध करते हैं कि केंद्र सरकार महिला पहलवानों को दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपने धरना जारी रखने की अनुमति दे, महिला पहलवानों के साथ क्रूरता के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और बृज भूषण शरण सिंह को गिरफ्तार कर, चार्ज-शीट दाखिल करने और हिरासत में लेकर पूछताछ की जाए। भारत की बेटियों की सम्मान की रक्षा के लिए शीघ्रता से कार्य करने और देश को शर्मसार करने वाली इस घिनौनी गाथा को समाप्त करें।