छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को केंद्र की भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की संपत्ति एक-एक कर बेची जा रही है। बेरोजगारी-गरीबी बढ़ रही है। 2014 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान विकास के गुजरात मॉडल की चर्चा थी। अब वह गायब हो गया है। इसके बारे में अब कोई भी बात नहीं करता है। गुजरात मॉडल को क्या हो गया है? पूरा देश देख रहा है। हम इस मॉडल का खामियाजा भुगत रहे हैं।
अखिल भारतीय प्रोफेशनल कांग्रेस (एआईपीसी) के पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार राज्य के लोगों की न्यूनतम जरूरत के साथ-साथ न्यूनतम आय सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने गोबर खरीद के लिए हमारा मजाक उड़ाया, लेकिन इस योजना ने न केवल पशुपालन को व्यावसायिक रूप से लाभदायक बना दिया।
सीएम बघेल ने केंद्रीय मंत्री को लिखा खत
मुख्यमंत्री बघेल ने राज्य में इस्पात कारखानों को पर्याप्त मात्रा में कोयले की पूर्ति और उसके लिए साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) को निर्देश देने के लिए केंद्रीय कोयला एवं खनन मंत्री प्रहलाद जोशी को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा देश के कई राज्यों की कोयला आवश्यकता को पूर्ण करने वाले तथा कोयला और स्टील उत्पादन में अग्रणी राज्य के स्वयं के लघु उद्योगों को कोयला आपूर्ति से वंचित रखना दुर्भाग्यपूर्ण निर्णय है।