छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जगदलपुर में राज्य के पहले फीफा स्वीकृत सिंथेटिक फुटबॉल ग्राउंड और रनिंग ट्रैक का उद्घाटन करने बाद रनिंग ट्रैक पर दौड़ लगाई। इस बीच चित्रकूट की एक लड़की लोकेश्वरी ने सीएम भूपेश बघेल को बताया कि उसके पिता की मृत्यु 15 साल पहले हो गई थी और उनकी खराब आर्थिक स्थिति के कारण वह और उसका भाई पढ़ाई करने में असमर्थ हैं। सीएम ने बस्तर जिले के प्रभारी को 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को कहा था कि झीरम घाटी नक्सली हमला राजनीतिक आपराधिक षड्यंत्र था और राज्य सरकार इस षड़यंत्र को उजागर करने की कोशिश कर रही है लेकिन इसमें लोग अड़ंगा लगा रहे हैं। राज्य के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र की झीरम घाटी में 25 मई 2013 को नक्सलियों ने कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर हमला कर दिया था। इस हमले में प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार पटेल और अन्य वरिष्ठ नेताओं समेत 32 लोगों की मृत्यु हो गई थी।
बघेल ने बुधवार को जिला मुख्यालय जगदलपुर स्थित लालबाग मैदान में झीरम घाटी शहीद स्मारक का लोकार्पण किया और इस हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने जान गंवाने वालों की याद में लगभग 100 फुट ऊंचा तिरंगा भी फहराया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि झीरम घाटी हमले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार पटेल, महेंद्र कर्मा और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं समेत सुरक्षाबल के जवानों की शहादत हुई। इन नौ वर्षों में हमने भरसक कोशिश की कि इस घटना के सही तथ्य सामने आए। सब जानते हैं कि घटना एक राजनीतिक आपराधिक षड़यंत्र था। इस षड़यंत्र को उजागर करने के लिए हम लोगों ने अनेक कोशिशें की। लेकिन लोग अड़ंगा लगाते रहे।