छत्तीसगढ़ में मतदान को लेकर तैयारियां जोरो-शोरों से शुरू हो चुकी है। यहां दो चरणों में मतदान होने हैं, पहले चरण में मतदान 12 नवंबर को होगा और दूसरे चरण में मतदान 20 नवंबर को होगा। छत्तीसगढ़ चुनाव में रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट काफी चर्चा में बनी हुई है। इस सीट से कुल 46 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमाने उतर रहे हैं।
राज्य में पहले चरण के मतदान के लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं और मतदान दलों को रवाना भी कर दिया गया है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के 31,79,520 मतदाता मुख्यमंत्री रमन सिंह, उनके मंत्रिमंडल के 2 सदस्यों, भाजपा सांसद और कांग्रेस के 2 वरिष्ठ नेताओं समेत 190 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कल सोमवार को करेंगे।छत्तीसगढ़ चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा रायपुर दक्षिण की हो रही है क्योंकि इस सीट पर दूसरे चरण में सबसे अधिक प्रत्याशी रायपुर दक्षिण से ही उतर रहे हैं। रायपुर दक्षिण के बाद 37 प्रत्याशी रायपुर पश्चिम सीट पर तथा 33 प्रत्याशी बिलासपुर जिले की बिल्हा सीट पर हैं।
पहले चरण के लिए मतदान 12 नवंबर को होगा, इसमें 18 सीटों पर विभिन्न प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा, जिसमें में बस्तर संभाग की 12 और राजनांदगांव के 6 सीटें सम्मिलित हैं। राज्य के धुर नक्सल प्रभावित बस्तर और राजनांदगांव क्षेत्र के मतदाता मुख्यमंत्री रमन सिंह समेत 190 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। राजनांदगांव सीट पर रमन सिंह का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करुणा शुक्ला से है।