छत्तीसगढ़ में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। इसके बाद पूरे प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में कुछ दिनों तक इसी प्रकार का मौसम बने रहने का संकेत है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश कई इलाकों में अगले चार दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि बस्तर संभाग में भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। बीते दिनों सोमवार को दिनभर जमकर बारिश हुई है। इससे कई बस्तियों और सड़कों में जल भराव की स्थिति बन गई है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश में आज मंगलवार को बदल छाए रहेंगे। इसके साथ ही गरज चमक के साथ बारिश होने की आसार है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी मानसून द्रोणिका बीकानेर, सीकर, उरई, सीधी, अंबिकापुर, बालासोर और उसके बाद दक्षिण पूर्व की ओर पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। एक ऊपरी हवा का चक्रवात परिसंचरण दक्षिण झारखंड और उसके आसपास 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। एक हवा का सियर जोन 20 डिग्री उत्तर में 4.5 किलोमीटर से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है।
अति भारी बारिश और वज्रपात होने की अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने कल के लिए प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी से अति भारी बारिश और वज्रपात होने की अलर्ट जारी किया है। रायपुर शहर में बादल छाए हुए रहेंगे। इसके साथ ही गरज चमक और बौछारें पड़ने की संभावना है। यहां की अधिकतम और न्यूनतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है