बीजेपी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर अपने 21 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। गुरुवार को बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक दिल्ली में हुई। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए। इसमें छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन किया गया। हालांकि चर्चा ये भी है कि करीब आधी सीटों पर नाम तय कर लिए गए हैं। फिलहाल, बीजेपी ने 21 सीटों पर ही अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
एक नजर में सरगुजा संभाग के प्रत्याशी
प्रेमनगर- विधानसभा-अनारक्षित
भूलन सिंह मरावी- 50 वर्ष
भाजपा ने सामान्य सीट प्रेमनगर से आदिवासी वर्ग के भूलन सिंह मराबी को प्रत्याशी बनाया है। भूलन सिंह मराबी पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा के जिला उपाध्यक्ष हैं। वे रामानुजनगर क्षेत्र से 2015 में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतकर आए थे। वे भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष के भी उम्मीद्वार थे। क्रास वोटिंग के कारण भूलन सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव हार गए थे। वे वतर्मान में भाजपा संगठन के अन्य दायित्व भी संभाल रहे हैं। भूलन सिंह मरावी ने अपने राजनैतिक जीवन की शुरूआत अपने गृहक्षेत्र पटना ग्राम पंचायत, रामानुजनगर जिला सूरजपुर से की थी, जहां से वे कई बार सरपंच रहे। भूलन सिंह भाजपा के सभी लोगों के बीच सर्वमान्य हैं।
भटगांव- अनारक्षित
लक्ष्मी राजवाड़े-30 वर्ष
वर्तमान में सूरजपुर जिला पंचायत की सदस्य हैं। लटोरी-सिलफिली क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुई हैं। वे वर्तमान में सूरजपुर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष हैं। पूर्व में वे सूरजपुर जनपद में सदस्य रही हैं। बहुत कम समय में लक्ष्मी राजवाड़े ने भाजपा में अपनी पैठ बनाई। उनके पति ठाकुर राजवाड़े सूरजपुर जिले में ही ग्राम पंचायत में सचिव हैं। इनका निवास लटोरी क्षेत्र में है। लक्ष्मी राजवाड़े के नाम पर भी लगभग सर्वसम्मति बने रहने की संभावना है।
प्रतापपुर विधानसभा- अजजा
शकुंतला पोर्ते-44
शकुंतला पोर्ते पेशे से अधिवक्ता हैं और वर्तमान में वे भाजपा महिला मोर्चा बलरामपुर की अध्यक्ष हैं। शकुंतला पोर्तें लंबे समय से भाजपा में सक्रिय हैं। वह तेज तर्रार भाजपा नेत्री मानी जाती हैं। उनके पति सरगुजा जिले में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं।
लुंड्रा विधानसभा
प्रबोध मिंज-56 वर्ष
प्रबोध मिंज वर्तमान में भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं नगर निगम अंबिकापुर में नेता विपक्ष हैं। प्रबोध मिंज सिविल इंजीनियर हैं। वे अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र के दो बार महापौर रहे। वे वर्ष 2004 से वर्ष 2009 एवं वर्ष 2009 से वर्ष 2014 तक नगर निगम अंबिकापुर के महापौर रहे। रमन सरकार में प्रबोध िंमज अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य भी रहे हैं।