CG chunav: छत्तीसगढ़ चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। बीजेपी विधि प्रकोष्ठ ने कांग्रेस के घोषित 83 प्रत्याशियों के अपराधिक रिकॉर्ड को लेकर चुनाव आयोग में शिकायत की है। बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस के 83 प्रत्याशियों के अपराधिक रिकॉर्ड को चुनाव आयोग में 48 घंटे के भीतर जमा नहीं किया गया है। जबकि कोर्ट के आदेशानुसार किसी भी राजनीतिक पार्टी को अपने घोषित प्रत्याशियों का अपराधिक रिकॉर्ड 48 घंटे के भीतर चुनाव आयोग में जमा करना होता है। बीजेपी ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से कांग्रेस प्रत्याशियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ के जयप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने अपने 83 घोषित प्रत्याशियों का अपराधिक रिकॉर्ड चुनाव एवं कांग्रेस पार्टी की वेबसाइट, सोशल मीडिया, दो समाचार पत्र जिनमें एक नेशनल और एक लोकल में प्रकाशित नहीं किया गया है। अपराधिक रिकॉर्ड घोषित नहीं करने वालें कांग्रेस के प्रत्याशियों के नामों की सूची चुनाव आयोग को सौंपी गई है। इस दौरान विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक जेपी चंद्रवंशी, विजयशंकर मिश्रा, भुवनलाल साहू, कैलाश, सौरभ मिश्रा, ऋषि राज पीठवा, केके चंद्राकर उपस्थित रहे।